Breaking News

दुनिया को चुपचाप अपनी चपेट में ले रहा है जानलेवा फंगस

- दवाइयां भी हैं बेअसर
नई दिल्ली। एक ओर जहां मेडिकल और दवाइयों की दुनिया अडवांस होती जा रही है तो वहीं दूसरी ओर एक फंगस ने समय के साथ खुद को ऐसे डिवेलप कर लिया कि वह इंसानों के लिए जानलेवा बन चुका है।
यह फंगस ब्लडस्ट्रीम में पहुंचने पर शरीर में खतरनाक इन्फेक्शन पैदा करता है। डरावनी बात यह है कि फिलहाल इसका कोई इलाज उपलब्ध नहीं है। इससे भी खतरनाक बात यह है कि इससे पीडि़त व्यक्ति की भले ही मौत हो जाए लेकिन फंगस जिंदा रहता है और दूसरों के शरीर में आसानी से प्रवेश कर उन्हें भी मरीज बना सकता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक मई महीने में ब्रुकलीन के माउंट सिनाई हॉस्पिटल फॉर ऐब्डॉमिनल सर्जरी में एक बुजुर्ग व्यक्ति को भर्ती किया गया था।
ब्लड टेस्ट में सामने आया कि वह एक नए तरह के जीवाणु से संक्रमित है जो अभी तक जितना रहस्यमयी बना हुआ है उतना ही जानलेवा भी है। टेस्ट रिपोर्ट सामने आने के बाद डॉक्टरों ने मरीज को इन्टेन्सिव केयर यूनिट में शिफ्ट कर दिया। कैंडिडा ऑरिस नाम का यह फंगस उन लोगों को अपनी चपेट में लेता है जिनका इम्यून सिस्टम कमजोर है। यह पूरी दुनिया में चुपचाप फैलता जा रहा है। पिछले पांच सालों में यह वेनेजुएला के नवजात शिशु संबंधी यूनिट और स्पेन के एक अस्पताल में फैल चुका है। फंगस के कारण एक ब्रिटिश मेडिकल सेंटर को अपनी इन्टेन्सिव केयर यूनिट तक बंद कर देनी पड़ी थी। वहीं इस फंगस ने भारत, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रिका में भी पैर जमाना शुरू कर दिए हैं। हाल ही में कैंडिडा ऑरिस न्यू यॉर्क, न्यू जर्सी और इलिनॉय में पहुंचा जिसके बाद रोग नियंत्रण और रोकथाम के संघीय केंद्र ने इसे ऐसे जीवाणुओं की लिस्ट में डाल दिया जिनसे इंसानों को आज के समय में बड़ा खतरा है।


No comments