Breaking News

सटोरियों पर पुलिस का शिकंजा एक दर्जन सटोरियों की धरपकड़

श्रीगंगानगर। जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर जिले भर की पुलिस ने पर्ची सट्टा का धंधा करने वाले सटोरियों पर शिकंजा कसा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों से एक दर्जन सटोरियों को दबोच लिया।
पुलिस कप्तान हेमंत शर्मा को सूचना मिलने पर पुरानी आबादी पुलिस ने बीती रात ट्रक यूनियन पुलिया पर रामदेव मंदिर के निकट एक घर में छुप कर पर्ची सट्टा कर रहे ललित अग्रवाल पुत्र ओमप्रकाश अग्रवाल निवासी मकान नम्बर 348 अशोक नगर बी को काबू करके उसके कब्जा से 1160 रुपए की नगदी मिली। इसी सटोरिए के बारे में सीओ सिटी इस्माइल खां को सूचना मिलने पर पुलिस ने आज सुबह फिर सटोरिए के ठिकाने पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। केदार चौक पुरानी आबादी पर सट्टा करते हुए सूरज प्रकाश पुत्र दुर्गा प्रसाद शर्मा को 1020 रुपए की नगदी सहित गिरफ्तार किया गया।
जवाहरनगर पुलिस ने कबीर चौक पर अमर सिंह पुत्र नंदलाल नायक निवासी गली नम्बर 4 गुरूनानक बस्ती को 1010 रुपए सट्टा रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।
करण शर्मा पुत्र नरेश शर्मा निवासी चक 3 ई छोटी को 1080 रुपए, राकेश सोनी पुत्र होशियार सोनी निवासी चक 3 ई छोटी को 1030 रुपए व मयूर स्कूल के पास पर्ची सट्टा करते हुए कुनैन पुत्र मोहम्मद ताफिक निवासी सुरेन्द्रा डेंटल कॉलेज के निकट, को 530 रुपए सट्टा रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।
चूनावढ़ पुलिस ने गांव 20 जीजी में पर्ची सट्टा करते हुए गुरमीत सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह को 1070 रुपए व गांव ढींगावाली में करणजीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह खत्री निवासी धालेवाला को 1340 रुपए सट्टा रकम सहित गिरफ्तार कर लिया। उधर विजयनगर पुलिस ने गांव 28 जीबी पुलिया के निकट लक्ष्मण पुत्र गंगाराम नायक निवासी वार्ड नम्बर 15 को पर्ची सट्टा करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जा से 1205 रुपए की नगदी बरामद हुई।
गौरतलब है कि पुलिस कप्तान हेमंत शर्मा ने सटोरियों पर लगातार कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया हुआ है। इसके बावजूद पुलिस की काली भेड़े सटोरियों के साथ मिलीभगत करके सट्टा करवाते हैं।

No comments