जेट एयरवेज पर संकट के बादल, अब भी बैंकों से मदद की उम्मीद
नई दिल्ली। आर्थिक संकट से जूझ रही प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन जेट एयरवेज की सेवा किसी भी वक्त ठप पड़ सकती है. हालांकि जेट एयरवेज को अब भी उम्मीद है कि बैंक एयरलाइन की मदद करेंगे. जेट एयरवेज की ओर से कहा गया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई वाले बैंकों के गठजोड़ से आपात नकदी समर्थन का इंतजार है, जिससे वह अपनी सेवाओं में आ रही गिरावट को रोक सके. जेट एयरवेज ने कहा कि वह अपने निदेशक मंडल के साथ विचार विमर्श कर रही है. उसकी आपात नकदी के सहयोग के लिए कर्जदाताओं के साथ बातचीत चल रही है. जेट एयरवेज की नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और नागर विमानन मंत्रालय के साथ भी बातचीत जारी है. बता दें कि एयरलाइन अभी सिर्फ 5 विमानों का परिचालन कर रही है. जेट एयरवेज के ऋणदाता एयरलाइन के पुनरोद्धार के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुनील मेहता ने मंगलवार को यह बात कही. मेहता ने कहा, 'Óएयरलाइन को फिर खड़ा करने के लिए विचार विमर्श चल रहा है लेकिन अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. एसबीआई कैपिटल मार्केट्स जेट एयरवेज के लिए पुनरोद्धार पैकेज पर काम कर रही है. 'Óबता दें कि पीएनबी भी भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाले उन 26 बैंकों के गठजोड़ का हिस्सा है, जिन्होंने जेट एयरवेज को 8,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज दिया है. बजट विमानन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को मुंबई-दिल्ली मार्ग पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है. इंडिगो ने बयान में कहा कि वह 5 मई से मुंबई से दस अतिरिक्त उड़ानों का परिचालन करेगी.

No comments