Breaking News

बस स्टैंड पर नेताओं का आगमन, यात्रियों के लिए परेशानी

- स्टेडियम व खेल मैदान में क्यों नहीं रखी जाती सभाएं?
सादुलशहर। सादुलशहर के बस स्टेंड पर नेताओं का आगमन यात्रियों और आमजन के लिए परेशानी का सबब बनता रहता है। इस बार भी ऐसा ही होने जा रहा है। यहां 2 मई को भाजपा की चुनावी सभा प्रस्तावित है। इसके लिए भाजपा की ओर से बस स्टेंडर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। इस सभा के कारण दो दिन तक बसें बस स्टेंड परिसर में प्रवेश नहीं कर पायेंगी। बाहर सड़क किनारे बसों को रोका जायेगा। यही से निर्धारित रूट के लिए बसें चल सकेंगी, लेकिन कौनसी बस किस तरफ जायेगी, उसे लेकर असमंजस की स्थिति रहेगी। ऐसे में यात्रियोंं को भीषण गर्मी व धूप के कारण दोहरी परेशानी उठानी पड़ेगी। बस स्टेंड में व्यवस्था ठीक होने के कारण राजनीतिक दल व प्रशासन यही पर सभा को प्राथमिकता देते हैं, जबकि नगर में बड़ा स्टेडियम, सरकारी स्कूल का खेल मैदान और महिला महाविद्यालय का खेल मैदान भी उपलब्ध है। यहां सभा करवाई जा सकती है।
पूर्व में भी सभाएं बस स्टेंड में करवाये जाने के कारण जनता परेशान होती रही है। बस स्टेंड में वर्ष 2007-08 के दौरान पक्का मंच तैयार किया गया था। उस समय भी भाजपा के राष्ट्रीय नेता राजनाथ सिंह की सभा प्रस्तावित थी, लेकिन प्रमोद महाजन के निधन के कारण सभा स्थगित हो गई। उसके बाद वर्ष 2012-13 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के समय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा के लिए इस मंच का सुधार किया गया। मंच के एक ओर वीआईपी टॉयलेट का निर्माण भी करवाया गया था। वर्ष 2013 में भी बस स्टेंड में हरियाणा के पूर्व मुुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा की सभा हुई थी। पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान भी सभा इसी बस स्टैण्ड में करवाई गई। इन सभाओं के कारण लोग परेशान रहे। इस बार भी राजनाथ की सभा के लिए बस स्टेंड में तैयारियां की जा रही हैं, जिससे आमजन ेको परेशानी होगी।


No comments