Breaking News

भाजपा प्रत्याशी के गृहक्षेत्र में भड़का आक्रोश

- विरोध में बंद रहा रायसिंहनगर
रायसिंहनगर। निहालचंद चोपड़ो अभियान चला रहे लोगों पर हमला होने का मामला तूल पकड़ गया है और इससे भाजपा प्रत्याशी निहालचंद के गृहक्षेत्र में ही उनके खिलाफ आक्रोश फैल गया है। हमलावारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर अभियान से जुड़े लोगों ने मंगलवार को रायसिंहनगर बंद करवाया। इस बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। आंदोलनकारियों का आरोप है कि हमला भाजपा प्रत्याशी निहालचंद के कथित समर्थकों ने करवाया है। ऐसे में निहालचंद को भी गिरफ्तार किया जाए।
माकपा नेता कालू थोरी, कांग्रेसी नेता संतलाल मेघवाल, हमले में घायल बंसीलाल मेघवाल, पूर्व पार्षद मनीष कौशल के नेतृत्व में दर्जनों समर्थकों के साथ बाजार बंद करवाए गए। बंद को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस जाब्ता मुख्य बाजार में तैनात किया गया। पुलिस इस मामले में विष्णु सोनी व शुभकरण को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्दी ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
बाजार बंद करवाने के बाद आंदोलनकारियों ने सभा की। सभा में संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी निहालचंद पर कई गंभीर आरोप लगाए और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी निहालचंद के विरुद्ध एनसीए ग्रुप बनाकर लगातार गांवों में मुखालफत की जा रही थी। आरोप है कि इस मुखालफत के चलते ही भाजपा के पूर्व कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया है।
इस संबंध में भाजपा प्रत्याशी निहालचंद से बात करने के लिए कई बार प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो पाई। निहालचंद का मोबाइल नंबर 94140-90050 उनके किसी सहयोगी ने उठाया और बताया कि वे सभा में हैं। बात करवा देंगे। पर बात नहीं हुई। लोकसभा चुनाव में प्रवक्ता रतन गणेशगढिय़ा ने भी फोन नहीं उठाया।
दो आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने आंदोलनकारियों का दबाव बढ़ता देखकर मंगलवार को पार्षद पति सहित दो जनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ चल रही है। एसआई नाहर सिंह ने बताया कि हमले में मनीष कौशल व बंशीलाल मेघवाल को चोटें आई थी। यह दोनों निहालचंद के मुखालफत करते हुए निहालचंद चौपड़ो अभियान चला रहे थे। प्रकरण की जांच सीओ जय सिंह तंवर कर रहे हैं। पुलिस ने भाजपा पार्षद बिन्दू सोनी के पति विष्णु सोनी निवासी वार्ड नम्बर 18 व भाजपा कार्यकर्ता शुभकरण बिश्रोई निवासी बारांवाली  मुकलावा को गिरफ्तार कर लिया है।

No comments