Breaking News

सावधान! अभी बरकरार है आंधी-तूफान का खतरा

- आज, कल और परसों तीन दिन सतर्कता बरतने की जरूरत
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में सोमवार शाम को आए आंधी-तूफान और बरसात के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं का सिलसिला अभी भी चल रहा है। खतरा अभी टला नहीं है। आज मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को जिले में आंधी-तूफान आने, बिजली कड़कने और बरसात होने की आशंका है।
 मौसम विभाग ने तीनों दिन आंधी-तूफान आने, बिजली कड़कने और बरसात होने की आशंका जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने मौसम तंत्र के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसी बदलाव के चलते सोमवार शाम को आंधी-तूफान और बरसात ने समूचे इलाके को अस्त व्यस्त कर दिया।
आंधी-तूफान और बरसात के कारण तापमान काफी गिर गया है। ठंडी हवाएं एक बार फिर सर्दी का सा अहसास करवा रही हैं।
स्काईमेट वैदर के अनुसार यह चक्रवती परिसंचरण अभी भी बना हुआ है और इससे मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों तक गर्द फैला हुआ है। इसलिए राजस्थान के कई हिस्सों विशेष रूप से उत्तरी आधे हिस्से पर धूल भरी आंधी के साथ बारिश और गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में आगामी तीन दिनों मेंं पचास-साठ किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी, बरसात और बादलों की गरज जैसी मौसमी गतिविधियां होने की संभावना है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग पहले ही अनुमान जता चुका था कि जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है।  मौसम विभाग की भविष्यवाणी पूरी तरह सच साबित हुई है।


No comments