Breaking News

बरसाती पानी निकालने के लिए लगाए टैंकर

- भीगी जिंसों को सुखाने में जुटे किसान, मजूदर
श्रीगंगानगर। जिले मेें बीती शाम आई बारिश से जिला मुख्यालय स्थित नई धानमंडी में कृषि जिंसें भीग गईं। अनूपगढ़, रावला, गजसिंहपुर, श्रीकरणपुर और केसरीसिंहपुर सहित जिले की अन्य मंडियों में भी बारिश से बड़ी मात्रा में कृषि जिंसें भीग गई हैं। इन्हें सुखाने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मशक्कत मंगलवार को दिनभर जारी रही।
नई धानमंडी परिसर में बारिश से भीगी कृषि जिंसों को सुखाने के साथ-साथ शैड के नीचे रखवाया गया। दी गंगानगर टे्रडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने बताया कि बरसाती पानी की निकासी के लिए मंडी में दो टैंकर लगाए हैं। जल्द पानी निकालते हुए व्यवस्थाएं सुचारु करने पर जोर है। बरसाती पानी से भीगने के कारण जिंसों की गुणवत्ता थोडी-बहुत अवश्य प्रभावित हुई है। पूर्व अध्यक्ष रमेश खदरिया ने बताया कि बारिश से मंडी परिसर में रखी हजारों क्विंटल जौ, सरसों और गेहूं सहित अन्य कृषि जिंसें भीग गई हैं। शैड के नीचे रखी जिंसें सुरक्षित हैं। कच्चा आढतिया संघ अध्यक्ष राजकुमार बंसल ने बताया कि नुकसान तो हुआ है। अब भीगी जिंसों को सुरक्षित-सुखाने पर ध्यान दे रहे हैं। शैड के नीचे रखी जिंसों की भराई करवा रहे हैं ताकि और ज्यादा नुकसान न हो। खुले में रखी जिंसों को तिरपालों से ढंकवा रहे हैं। पूर्व अध्यक्ष हनुमान गोयल ने आंधी-बारिश की पूर्व चेतावनी को राहतकारी बताते हुए कहा कि अगर पहले सूचना नहीं मिलती तो नुकसान ज्यादा होता। पूर्व चेतावनी के चलते मंडी समिति प्रशासन और व्यापारी भी तैयार थे। तिरपालों आदि की व्यवस्था कर रखी थी, इसलिए बारिश से उतना नुकसान नहीं हुआ।
बारिश ने रोकी गेहूं की सरकारी खरीद
क्षेत्र में सोमवार को हुई बारिश की वजह से गेहूं की सरकारी खरीद बाधित हो गई है। मंगलवार को एफसीआई ने जिला मुख्यालय स्थित नई धानमंडी मेंं गेहूं खरीद नहीं की। इससे पूर्व आज सुबह एफसीआई के डीमएम लोकेश ब्रहमभट्ट ने अनाज मंडी परिसर का दौरा कर आवश्यक जानकारी जुटाई। उन्होंने मंडी समिति अधिकारियों से चर्चा करते हुए बरसाती पानी की निकासी के लिए डै्रनेज सिस्टम दुरुस्त रखने पर जोर दिया। एफसीआई के क्यूआई गोपीकिशन मारु ने बताया कि बारिश के चलते मंगलवार को गेहूं की खरीद नहीं की गई। सोमवार को पहले दिन एफसीआई ने 15 हजार क्विंटल गेहूं खरीदा। मौसम और व्यवस्थाएं अनुकूल होने पर खरीद की जाएगी।


No comments