Breaking News

पेड़ टूटे, खम्भे गिरे, बत्ती रही गुल

श्रीगंगानगर। सोमवार शाम को 60 किमी प्रति घंटा की रफतार से आए तुफान का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे दिन भी व्यापक असर दिखाई दिया। तेज हवा और बरसात के कारण शहर की और आने वाले मुख्य मार्गों पर कई जगह पेड़ टूट कर गिर गए।
शहरी क्षेत्र में बिजली के खम्भे गिरने और तारे टूटने के कारण रात भर विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। कुछ इलाकों में तो रात 12 बजे तक विद्युत सप्लाई बहाल कर दी गई। लेकिन अधिकांश इलाकों में विद्युत सप्लाई सुबह बहाल करने की कसरत की गई। मंगलवार को दिन भर शहर के अलग-अलग इलाकों में विद्युत कट लगते रहे। जोधपुर डिस्कोम के अभियंताओं ने खम्भे और विद्युत तारें दुरुस्त करने के लिए बार-बार कट लगाए जाने की जानकारी दी।
तुफान के कारण पीएचडी कॉलोनी, हिन्दुमलकोट रोड, रविन्द्र पथ, मीरा मार्ग, साधुवाली रोड, हनुमानगढ़ रोड व सूरतगढ़ रोड पर कई जगह पेड़ टूटकर विद्युत तारों पर गिर गए। शहर में जवाहर नगर, हनुमानगढ़ रोड, पुरानी आबादी, सद्भावना नगर क्षेत्र में विद्युत तारें टूटने के कारण शहर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।
ग्रामीण इलाकों में तो रात भर बिजली ठप रही। बरसात के कारण दोनों अंडर पास में पानी भर गया। एसपी ऑफिस परिसर में भी पानी फैला रहा।
महाराजा गंगा सिंह चौक, सुखाडिय़ा सर्किल, शिव चौक के अलावा सभी मुख्य चौराहों और मार्गों किनारे लगे विशाल होर्डिंग्स उखड़ गए। लोगों की दुकानों और मकानों की छतों पर रखे टीन-टप्पर व साईनबोर्ड भी तेज हवाएं उड़ा ले गई।
खेतों में खड़ी फसलों को भी खासा नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण मकानों में लगी खिड़कियों और दरवाजों के कांच टूट कर बिखर गए। धूप से बचाव के लिए लगाई तिरपाल व ग्रीन चिक्क भी तुफान में उड़ गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार आगामी चार दिन तक तेज हवाएं, बरसात और ओले गिरने की सम्भावना रहेगी।


No comments