Breaking News

स्टार प्रचारक के लिए फिर गुहार, अभी तक नहीं पड़ी पार

- चुनावी रण की तस्वीर हुई साफ, नौ में होगा मुकाबला
श्रीगंगानगर। नामांकन वापिसी का समय समाप्त होने के बाद श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र से चुनावी रण की तस्वीर साफ हो गई है। नौ प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। इस बीच, कांग्रेस एवं भाजपा के रणनीतिकारों ने अपने-अपने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष किसी स्टार प्रचारक की सभा के लिए फिर से गुहार लगाई है।
कांग्रेस प्रत्याशी मास्टर भरतराम मेघवाल के पर्चा भरने के दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी एवं चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा यहां जन सभा को सम्बोधित कर चुके हैं। इसी तरह भाजपा के उम्मीदवार निहालचंद मेघवाल के नामांकन पत्र दाखिल करने के दिन पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सभा को सम्बोधित कर चुकी हैं।
राजनीति के जानकारों के अनुसार लोकसभा के चुनाव के लिए अभी वो माहौल नहीं बन पाया है, जिसकी उम्मीद राजनीतिक दल कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में खेतों में व्यस्तता का समय है, काफी किसान फसल को धान मंडियों में लाकर बेचने में जुटे हैं। बीच में खराब हुए मौसम ने भी किसानों का उत्साह कम कर दिया है। शहरी क्षेत्र में भी चुनावी चर्चा अभी जोर नहीं पकड़ पाई है।
कांग्रेस एवं भाजपा के उम्मीदवारों तथा उनके रणनीतिकारों की अब कोशिश यही है कि पक्ष में माहौल बनाने के लिए किसी स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेताओं की संसदीय क्षेत्र में कम से कम दो बड़ी सभाएं हो जाएं। उम्मीदवारों के प्रमुख चुनाव कार्यालय अपने प्रदेश कार्यालयों एवं चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाले नेताओं से बराबर सम्पर्क में है। उनका प्रयास है कि चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में किसी स्टार प्रचारक की सभा के लिए समय मिल जाए।


No comments