Breaking News

यूपी में 35, गुजरात में 39 व बिहार में 34 प्रतिशत मतदान

- तीसरे चरण में 117 सीटों पर मतदान जारी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को सबसे अधिक 13 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 117 सीटों पर वोटिंग जारी है। यह चरण दो मायने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लिए पहली अग्निपरीक्षा है। शाह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह लालकृष्ण आडवाणी की सीट गांधीनगर से मैदान में हैं। वहीं, राहुल पहली बार दक्षिणी राज्य केरल के वायनाड से किस्मत आजमा रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष के तौर पर भी राहुल और शाह के लिए यह पहला लोकसभा चुनाव है।
उधर मुलायम परिवार की साख भी इस चरण में दांव पर है। मुलायम सिंह खुद मैनपुरी से मैदान में हैं तो धर्मेंद्र यादव बदायूं और अक्षय यादव फिरोजाबाद से किस्मत आजमा रहे हैं। अक्षय को फिरोजाबाद में चाचा शिवपाल यादव चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा रामपुर से आजम खां व जयाप्रदा की किस्मत का भी फैसला होगा। पीलीभीत से वरुण गांधी, बरेली से संतोष गंगवार, मधेपुरा से शरद यादव और पप्पू यादव पर मतदाता फैसला सुनाएंगे। उत्तर प्रदेश में दोपहर एक बजे तक 35.49 और गुजरात में 39.27 फीसदी मतदान हो चुका था।
बिहार में पांचवें चरण के लोकसभा चुनाव के तहत पांच सीटों पर वोटिंग जारी है। सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पहले छह घंटे में पांचों सीट पर लगभग 34 फीसदी लोगों ने वोट डाले हैं।
छत्तीसगढ़ में भी मतदान जारी है। यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग के मतदान केंद्र संख्या 55 पर अपना वोट डाला।
कर्नाटक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और गुलबर्गा लोकसभा सीट से उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खडग़े ने मतदान केंद्र संख्या 119 पर अपना वोट डाला।
केरल की वायनाड सीट पर वोटिंग के लिए मतदाताओं की कतार देखी जा रही है। यहां से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा के उम्मीदवार तुषार वेलापल्ली के बीच टक्कर है।
महाराष्ट्र में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने अहमदनगर जिला अंतर्गत रालेगण सिद्धि में अपना वोट डाला।
पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र के दोमकल नगरपालिका इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर बम फेंका गया। इस घटना में तन कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। मालूम हो कि मुर्शिदाबाद में टीएमसी उम्मीदवार अबु ताहिर खान का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार के हुमायूं कबीर और कांग्रेस के अबु हेना से है।

No comments