Breaking News

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में रेखा इन, सिद्धू आउट

- लोकसभा चुनाव की सरगर्मी अब पकड़ेगी जोर
- भाजपा की सभाओं में भी भीड़ के लिए कवायद
श्रीगंगानगर। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी अब होली के बाद जोर पकड़ेगी। पूरी संभावना है कि त्यौहार की रामरमी के तुरंत बाद प्रमुख राजनीतिक दल अपनी सूची घोषित कर देंगे। यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौनसा दावेदार टिकट मिलने की खुशी का 'गुलालÓ उड़ाएगा और कौनसे दावेदारों को मलाल रहेगा। इस बीच, मुख्य राजनीतिक दलों ने अपने यहां सफल सभाओं के लिए स्टार प्रचारकों की सूची के लिए माथापच्ची शुरू कर दी है।
सूत्रों की माने तो कांग्रेस के जिन स्टार प्रचारकों की मांग बीकानेर संभाग में रहेगी, उस सूची में पंजाब के मंत्री और क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू इस बार नहीं है। पाकिस्तान संंबंधी उनके बयान के बाद पहले वाली पूछ नहीं रही है। कांग्रेस के पक्ष में सिने तारिका रेखा की ओर से सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से धुंआधार प्रचार किया जा रहा है। ऐसे में कई वरिष्ठ कांग्र्रेसियों ने रेखा को राजस्थान मेंं बुलाने की जरूरत मानी है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह, वहां के पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सांसद सुनील जाखड़, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्रसिंह हुड्डा की सभाएं भी राज्य में करवाने की योजना है।
पार्टी के मुखिया राहुल गांधी के बाद अब उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को भी सभाओं के लिए बुलवाने की कोशिश प्रदेश संगठन कर रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर सर्वाधिक दारोमदार रहेगा ही। इनके दोनों के कार्यालयों ने पार्टी की चुनाव प्रचार कमेटी से सभी 25 संसदीय क्षेत्रों में अधिकाधिक सभाओं को सुनिश्चित करने के लिए ब्यौरा मांगा है। इन दोनों नेताओं की एक साथ सभाएं करवाने की योजना भी बनाई गई है। बात की जाए भाजपा की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की सर्वाधिक मांग है। इसके अलावा मथुरा की सांसद फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, केंद्रीय मंत्री-टीवी स्टार रही स्मृति ईरानी की भी जरूरत दर्शाई गई है। यह अलग बात है कि विधान सभा चुनाव में हेमा मालिनी का जादू राजस्थान में कोई खास असर नहीं दिखा पाया था।


No comments