Breaking News

लोक परिवहन बस ने सास-बहू को कुचला, मौत

- गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ लगाया जाम, पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता जारी
चूरू। भालेरी पुलिस थाना क्षेत्र में फोगा बस स्टेण्ड पर आज सुबह तेज रफ्तार से दौड़ रही लोक परिवहन की बस ने दो महिलाओं को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सास-बहू थी। इस दुर्घटना से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके से शव नहीं उठाने दिए और स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों के साथ वार्ता कर रहे हैं। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में भगवानी देवी व उसकी पुत्रवधू इमरती देवी निवासी फोगा की मौत हो गई। दोनों आज सुबह गांव के बस स्टेण्ड पर सड़क पार कर रही थी। उसी वक्त तेज गति से आई लोक परिवहन की बस ने दोनों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत होने के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने शवों पर कपड़ा डालते हुए सरदारशहर-तारानगर हाइवे पर जाम लगा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीण बस चालक को गिरफ्तार करने व मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। मौके पर स्थिति नियन्त्रण में है। दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लगी हुई हैं। ऐहतियात के तौर पर आसपास के पुलिस थानों से जाब्ता मौके पर बुलाया गया है। ग्रामीणों से वार्ता चल रही है।


No comments