Breaking News

रेल सुविधाओं के मामले में भाजपा सरकार फेल: भरतराम

श्रीगंगानगर। पूर्व सांसद मास्टर भरतराम मेघवाल ने कहा है कि भाजपा सरकार श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिले में रेलवे सुविधाओं के विस्तार के मामले में फेल साबित हुई है। एक प्रेस वक्तव्य में मेघवाल ने कहा है कि भाजपा के नेता जिन रेल सुविधाओं का श्रेय लेने और अपना सम्मान करवाकर इलाके की जनता का ध्यान भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें जनता को यह सचाई भी बतानी चाहिए कि इनमें से आधे से ज्यादा वे कार्य हैं, जिनकी स्वीकृति सांसद के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल में करवाई थी। मेघवाल ने कहा है कि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में उन्होंने 2013-2014 में सीमावर्ती मंडी गजसिंहपुर से वाया पदमपुर, बींझबायला, कैंचियां, गुरुसर मोडिया, गोलूवाला, पीलीबंगा, जाखड़ांवाली, रावतसर, गंधेली, साहवा, तारानगर, ददरेवा होते हुए सादूलपुर (राजगढ़) के लिए नई रेललाइन के सर्वे के आदेश करवाये थे। भाजपा सरकार के प्रतिनिधि पांच साल के अपने शासनकाल में इस सर्वे के कार्य को पूरा नहीं करवा सके। नई रेल लाइन के लिए यह प्रस्तावित मार्ग व्यवहारिक है और यदि इसका सर्वे करवाकर यहां रेलवे लाइन बिछाने का काम शुरू करवा दिया जाता तो अब तक दोनों जिलों का कायापलट हो जाता।


No comments