Breaking News

राजनीतिक दल टिकटों की घोषणा में जल्दीबाजी करने के मूड में नहीं

- पहले होली के रंग, फिर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान
- श्रीगंगानगर सीट के लिए प्रत्याशियों की घोषणा तो और भी देरी से होने की संभावना
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होली के बाद ही होगी। राज्य में पहले चरण में बारह सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान कराया जाना है, जिसमें अभी काफी समय है। ऐसे में राजनीतिक दल जल्दबाजी नहीं करना चाहते। श्रीगंगानगर समेत तेरह सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 6 मई को कराना तय किया गया है। जिससे इन सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान और भी देरी से होने के आसार हैं।
पहले चरण के मतदान में ही डेढ़ माह शेष है। ऐसे में टिकट घोषणा में जल्दबाजी से दोनों ही पार्टियां बचेंगी। संभावना है कि होली के बाद कुछ ऐसे नाम सामने आ जाएं जिन पर किसी तरह का विवाद नहीं है। जिन सीटों पर दावेदारों में रस्साकशी ज्यादा है वहां नामांकन के अंतिम दो दिन में नाम जारी होंगे। वैसे फेजवाइज चुनाव की वजह से पार्टियों को सुविधा रहेगी कि वे टिकटों की भी फेजवाइज घोषणा करें।
भाजपा प्रत्याशियों पर चर्चा के लिए प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक बुधवार होगी। हालांकि प्रत्याशियों के नाम दिल्ली में तय होने हैं लेकिन माना जा रहा है कि अभी कम से कम दो बैठकें जयपुर में होगी। इसके बाद दिल्ली में अमित शाह प्रदेश के नेताओं से नामों पर मंथन करेंगे।
उधर, कांग्रेस के रणनीतिकार इंतजार में हैं कि जैसे ही भाजपा नाम घोषित करे, कांग्रेस प्रत्याशी उतारे। कांग्रेस की 15 मार्च को दोबारा बैठक होगी। होली के बाद राहुल गांधी की अध्यक्षता में बैठक मेंं नाम फाइनल किए जाएंगे।
श्रीगंगानगर समेत इन सीटों पर नए चेहरे उतारेगी भाजपा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भाजपा की ओर से लोकसभा चुनाव में श्रीगंगानगर, करौली-धौलपुर, सीकर, झुंझुनूं, बाड़मेर, जालौर, जयपुर शहर, दौसा, अजमेर और अलवर सीटों पर नए चेहरे उतारे जा सकते हैं। इनमें अलवर, अजमेर और दौसा सीटों पर तो अब पार्टी के पास पुराने प्रत्याशी हैं भी नहीं, क्योंकि अजमेर और अलवर में सांसद बने नेताओं का निधन हो चुका है। वहां उप चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, वहीं दौसा के सांसद हरीश मीणा कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।


No comments