Breaking News

बूंदाबांदी ने जाती हुई सर्दी को लौटाया

- अब पकी फसलों के लिए नुकसानदायक है बरसात
श्रीगंगानगर। एक बार खुलने के बाद मौसम ने शुक्रवार शाम को अचानक पलटा खाया और जाती हुई सर्दी एकाएक लौट आई। बूंदाबांदी और बादलवाही के साथ तीव्र हवाओं ने जहां आमजन को ठिठुरा दिया है, वहीं फसलों को भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को ही अगले तीन दिन तक बादलवाही और बरसात की घोषणा कर दी थी। इसके बाद शाम ही आसमान काली घटाओं से आच्छादित हो गया था। हल्की बूंदाबादी तो कल शाम ही हो गई थी लेकिन शनिवार सुबह पांच बजे के बाद बूंदाबांदी तेज हो गई। इससे सर्दी का प्रभाव तीव्र हो गया। लोगों को अपने गर्म कपड़े फिर निकालने पड़े। बरसात से कई जगह कीचड़ भी हो गया।
दौलतपुरा। कई दिन साफ रहने के बाद कल फिर से मौसम में बदलाव के चलते अल सुबह बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस वजह से खेतों में पकाव पर खड़ी सरसों में गेहूं, जौ, चने की फसल को नुकसान होने का अंदेशा है। इसके कारण किसान परेशान नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह बाद सरसों की कटाई शुरू हो जाएगी लेकिन मौसम ऐसे ही रंग बदलता रहा तो सरसों की फसल में नुकसान ज्यादा होने का अनुमान है। इस समय फसलों को कड़ी धूप चाहिए। वहीं समय बादलवाही और बूंदाबांदी होने से फसलों को पकाव देरी हो सकती है।


No comments