Breaking News

सुल्तान अजलान शाह कप के लिए भारतीय हॉकी टीम घोषित

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने 23 मार्च से मलेशिया के इपोह में शुरु हो रहे 28वें सुल्तान अजलान शाह कप के लिए बुधवार को 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। भारतीय टीम कप्तान मनप्रीत सिंह और उपकप्तान सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में इस टूर्नामेंट में खेलने उतरेगी। इस टूर्नामेंट में मलेशिया, कनाडा, कोरिया, दक्षिण अफ्रीका, भारत और जापान हिस्सा लेंगे। भारतीय टीम का पहला मुकाबला जापान के खिलाफ 23 मार्च को होगा। भारतीय टीम में पीआर श्रीजेश और युवा खिलाड़ी कृष्णा बी पाठक गोलकीपर के रुप में शामिल है जबकि डिफेंस में उपकप्तान सुरेंद्र कुमार, गुरिंदर सिंह, बिरेंद्र लाखड़ा, कोथाजीत सिंह, वरुण कुमार और अमित रोहिदास को शामिल किया गया है। मिडफील्ड में कप्तान मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, हार्दिक सिंह, सुमित और निलकांत शर्मा को स्थान दिया गया है। फॉरवर्ड में मंदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरजंत सिंह, शैलेंद्र लाखड़ा और सुमित कुमार शामिल हैं। चोटिल होने के कारण अनुभवी फॉरवर्ड एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, ललित उपाध्याय जबकि डिफेंडर रुपिंदर पाल सिंह, हरमनप्रीत सिंह और मिडफिल्डर चिंगलेनशाना सिंह को टीम में शामिल नहीं किया गया है।


No comments