Breaking News

पुलिस पर पथराव, गाड़ी का शीशा टूटा

- राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज
अनूपगढ़। परिवाद की जांच करने पहुंची पुलिस पर एक परिवार के लोगों ने पथराव कर दिया। हमले में पुलिस कर्मी चोटिल नहीं हुए। पुलिस ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई महावीर स्वामी ने बताया कि शुक्रवार को गांव 29 जीबी शिवपुरी निवासी कालूराम बावरी ने परिवाद दिया था कि उसकी बहन ममता का ससुराल गांव 8 के में है। ससुराल वाले ममता को प्रताडि़त करते हैं। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाये।
इस परिवाद पर  नाइट ड्यूटी प्रभारी एएसआई प्रहलाद मीणा पुलिस टीम के साथ गांव 8 के में पहुंचे। यहां पुलिस को देख कर ममता के ससुराल वाले आक्रोशित हो गये। दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान ससुराल वालों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पत्थर लगने से पुलिस जीप का शीशा टूट गया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से अपना बचाव किया। अन्य थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियन्त्रण में किया।
एसआई महावीर स्वामी ने बताया कि एएसआई प्रहलाद मीणा की ओर से गांव 8 के निवासी सुल्तान बावरी पुत्र बनवारी बावरी, देशराज बावरी व अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।  पुलिस ने इस मामले में आज दोपहर तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।


No comments