Breaking News

बुलेट से पटाखे बजाए, तो अभिभावकों पर कार्रवाई तय

- सीज के साथ धारा 151 में भी होने लगी कार्रवाई
श्रीगंगानगर। बुलेट मोटरसाइकिल से शहर में पटाखे बजाते पकड़े जाने पर अभिभावकों पर भी कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, बाइक सीज होने के साथ बाइक सवार को धारा 151 में भी गिरफ्तार किया जायेगा। बुलेट से पटाखे बजाने पर लोग दशहत में आ जाते हैं।
ट्रेफिक शाखा प्रभारी सीआई आनन्द गिल ने बताया कि युवक बुलेट बाइक के साइलेंसर में बदलाव करवा कर पटाखे बजा कर दशहत फैलाते हैं। ऐसे में दूसरे बाइक व साइकिल सवार लोग अचानक डर जाते हैं। पटाखे की तेज आवाज से दूसरे वाहन चालक अनियन्त्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। पुलिस ने बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बीती रात कोडा चौक पर एक युवक को बुलेट से पटाखे बजाते पकड़ लिया। बाइक को सीज कर दिया, लेकिन युवक नाबालिग होने के कारण उसे छोड़ दिया गया। मौके पर पहुंचे कोतवाली पुलिस थाना के एसआई जय सिंह ने बताया कि ट्रेफिक पुलिस की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे, लेकिन बुलेट चालक नाबालिग था। ऐसे में उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। सीआई आनन्द गिल ने बताया कि एमवी एक्ट का उल्लघंन करने पर बुलेट से पटाखे बजाने वाले युवकों के अभिभावकों के खिलाफ भी कोर्ट में इस्तगासा पेश किया जायेगा। अभिभावकों को अपने बच्चों को बुलेट से पटाखे बजाने पर रोकना चाहिए। इस संबंध में पुलिस कप्तान हेमंत शर्मा के निर्देश पर पटाखे बजाने वाले बुलेट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शहर में बुलेट से पटाखे बजाने पर कोई भी नागरिक पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दे सकते हैं।


No comments