Breaking News

सांसद निहालचंद को डराने लगा दुष्कर्म मामले का भूत

- दुष्कर्म मामले में हाईकोर्ट के नोटिस पर मुश्किलों में घिरे पूर्व केन्द्रीय मंत्री
- लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विरोधियों के हाथ में आया बड़ा हथियार
श्रीगंगानगर। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं। भाजपा अपने प्रत्याशी तय करने के लिए कवायद मेंं जुटी है। इसी दौरान दुष्कर्म मामले में हाई कोर्ट के नोटिस जारी किए जाने के बाद इस मामले का भूत बाहर आ गया है, जिससे सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री निहालचंद मेघवाल मुश्किलों मेंं घिर गए हैं। इस प्रकरण के पुन: उछलने से निहालचंद के भाजपा और भाजपा से बाहर के विरोधियों को हथियार मिल गया है। इसके चलते निहालचंद के समक्ष बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है।
श्रीगंगानगर से चार बार सांसद बन चुके निहालचंद के समक्ष यह पहला मौका है, जब उनकी टिकट कटवा कर अपनी झोली में डालने के लिए कई भाजपाई तैयार खड़े हैं।
कई दावेदार अपना पक्ष मजबूत और निहालचंद का पक्ष कमजोर करने मेंं लगे हुए हैं। इसी दौरान हाई कोर्ट ने दुष्कर्म के नौ साल पुराने मामले में निहालचंद को नोटिस जारी करने का आदेश दे दिया है, जिससे निहालचंद के विरोधियों के हाथ में एक बड़ा हथियार आ गया है। इसका इस्तेमाल वे निहालचंद का पत्ता साफ करवाने के लिए करने से नहीं चूकेंगे।
आरएसएस लॉबी पहले से निहालचंद के खिलाफ काम कर रही है। माना जाता है कि मोदी मंत्रिमंडल से निहालचंद को बाहर भी संघ लॉबी के दबाव के चलते किया गया था। अब दुष्कर्म प्रकरण के कारण संघ को निहालचंद का पत्ता साफ करवाने का मौका मिल गया है। अब देखना यह है कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मिली इस बड़ी चुनौती से निहालचंद निकल पाएंगे या नहीं?
निहालचंद को टिकट मिला तो जोरदार ढंग से घेरेगी कांग्रेस
दुष्कर्म मामले के पुन: उछलने के बावजूद अगर भाजपा निहालचंद को टिकट दे देती है तो कांग्रेस के हाथ में एक बहुत बड़ा मुद्दा आ जाएगा, जिसके आधार पर कांग्रेस भाजपा को बुरी तरह से घेरेगी। कांग्रेस न केवल श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र, बल्कि पूरे राज्य ही नहीं पूरे देश में इसे आधार बना कर भाजपा पर तंज कसेगी। भले ही निहालचंद पर दुष्कर्म का आरोप अभी साबित नहीं हुआ है लेकिन अदालत में मामला विचाराधीन होने के कारण भाजपा उन्हें टिकट देने का जोखिम उठाएगी, ऐसा मुश्किल लगता है। निहालचंद के विरोधी तथा संघ लॉबी रही-सही कसर पूरी कर देंगे।


No comments