Breaking News

दिलों में ऐसी आग कि भस्म हो जाए आततायी देश

- श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिलों में धरना-प्रदर्शन, श्रद्धांजलि सभाएं
श्रीगंगानगर। देशभर में गुस्सा और नफरत की आग है। अगर इस गुस्से और आग को एकत्र करके आततायियों और उनके सरपरस्तों पर डाल दिया जाए तो शायद पूरी धरती से ऐसे कई देश जलकर भस्म हो जाएं, जिन्होंने विश्व शांति को पलीता लगाया है। अगर किसी के पास हो कोई पैमाना हो तो देख ले माप कर भारत देश इस वक्त क्या चाह रहा है। पिछले दो दिनों से देश का हर छोटा-बड़ा, गरीब-अमीर, हर धर्म और मजहब से जुड़ा व्यक्ति किसी ना किसी रूप में अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है। हमारे सुरक्षा बलों के जवानों की शहादत पर जगह-जगह श्रद्धांजलि सभाएं, बंद, प्रदर्शन और बैठकें हो रही हैं। राजनैतिक तौर पर दल-दल में बंटा रहने वाला देश एक मंच पर खड़ा नजर आ रहा है। आपसी मन और मतभेद भुलाकर एक आवाज में कह दिया गया है- हम सब एक हैं।
ऐसी ही आग श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिलों के लोगों के दिलों में भी धधक रही है। आज बंद-प्रदर्शन और श्रद्धांजलि सभाओं का दौर जारी रहा।
पुलवामा में शहीद हुए जवानों को मंडियों में आज लोगों ने एकजुट होकर श्रद्धांजलि दी। साथ ही रोष स्वरूप मंडियां बंद रहीं। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ दोनों जिलों में कोई कामकाज नहीं हुआ। रावतसर, रावला, घड़साना, सूरतगढ़, पदमपुर, जैतसर की मंडियां बंद रखी गईं। लोगों व स्कूली बच्चों ने भी रोष मार्च में हिस्सा लिया। हर कोई व्यक्ति जवानों को श्रद्धांजलि देता दिखाई दिया।
रावतसर। कस्बे में आज शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही, रोष स्वरूप पाकिस्तान का पुतला जलाया गया। इस मौके पर विधायक धर्मेन्द्र मोची, भाजपा नेता कैलाश मेघवाल सहित अनेक लोग व बजरंग दल के पदाधिकारी उपस्थित थे। यहां काफी देर तक पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। जुलूस भी निकाला गया।
पदमपुर। शहर के मुख्य मार्गों पर विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ नागरिकों ने सामूहिक रूप से रोष मार्च निकाला। साथ ही, शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और कड़ी कार्रवाई की मांग की।  लोगों का कहना था कि अब भारत को 44 शहीदों का बदला पाक में चलने वाले आंतकी संगठनो के ठिकानो को खत्म कर उग्रवादियों को मौत के घाट उतारने में देर नहीं करनी चाहिए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार हांडा ,व्यापार मंडल अध्यक्ष बहादर चंद नारंग,  राकेश शर्मा जतिन जिंदल महेंद्र मिगलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखजिन्द्र सिंह  सुखी ,  पार्षद प्रशांत शर्मा, गोरदन  सेठिया,  नरेश सोनी ,रामदास बिलन्दी, हरीश शर्मा, कश्मीरी  सिंगल ,  सुरजीत सिंह मक्कड़ ,जोगेंद्र हांडा, राजकुमार खरोड़ सहित सेकड़ो लोग रोष मार्च में शामिल थे।
रावला। कस्बे में आज सुबह से ही दुकानें नहीं खुली। पूरी मंडी शहीदों को श्रद्धांजलि दे रही थी। स्वेच्छा से लोगों ने बंद का समर्थन किया और चौक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूरा बाजार सूना रहा। एक भी दुकान नहीं खुली थी। लोगों का कहना था कि अब पाकिस्तान पर कार्यवाही होनी चाहिए। आतंकवादियों को खत्म करना होगा, तभी देश सुरक्षित रह पाएगा। इस मौके पर शाम को श्रद्धांजलि सभा भी रखी गई है।
सूरतगढ़। कस्बे में आज विभिन्न संगठनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और रोष मार्च निकाला। स्वेच्छा से ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। बंद को समर्थन किया। लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ काफी रोष देखा जा रहा था। यहां पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। मंडी पूर्णत: बंद रही। पुलिस ने भी सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्था कर रखी थी।
जैतसर। कस्बा भी बंद रहा। गत दिवस ही यहां के विभिन्न संगठनों ने आह्वान किया था कि शनिवार को कस्बा बंद रखा जाएगा। उसी को मद्देनजर रखते हुए आज कोई भी प्रतिष्ठान नहीं खोला। लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले कैंडल मार्च भी निकाला गया था।
घड़साना। मंडी घड़साना भी आज बंद रखी गई। लोगों ने शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मंडी में भी बोली नहीं हुई।
गोलूवाला। पुलवामा हमले के विरोध स्वरूप यहां शनिवार को बाजार बंद रहा। यहां के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने आतंकियों के इस कृत्य की आलोचना की गई। अध्यक्ष व्यापार मंडल भीम निवाद, सुखदेव सिंह जाखड़, किराना मर्चेंट अध्यक्ष प्रेम गोदारा, इंदिरा कड़वा, नरेंद्र विशु, कपड़ा मर्चेंट एसोसिएशन सब्जी मंडी  यूनियन ने शहीद परिवारो के प्रती अपनी संवेदना प्रकट की।
पक्कासहारणा। पुलवामा आतंकी हमले के विरोध मेें मण्डी बंद रही। बाजार के दुकानदारों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देकर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सरपंच श्रीराम बारूपाल, भाजपा नेता सोहनलाल गोदारा, पूर्व सरपंच विजयसिंह जांगड़ा,
पंचायत समिति प्रधान दयाराम जाखड़ा, रामकुमार ढाका सहित बड़ी संख्या में शहीदों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

No comments