Breaking News

बॉर्डर पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने की किसानों पर फायङ्क्षरग

- जमीन पर लेट कर जान बचाई, मौके से भाग गये पाक रेंजर
श्रीगंगानगर। भारत-पाक अन्तर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर पाक रेंजरों ने आज सुबह हिन्दुमलकोट एरिया में किसानों पर फायरिंग कर दी। किसानों ने जमीन पर लेट कर अपनी जान बचाई। इस मामले में सीमा सुरक्षा बल के आईजी बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 10:55 बजे की है। हिन्दुमलकोट बॉर्डर पर पिल्लर संख्या 278/03 एस के निकट किसान सुखदेव सिंह व हरदेव सिंह अपने दो मजदूरों के साथ ताराबंदी के पार अपनी जमीन में काश्त कर रहे थे। इसी दौरान पाक रेंजर जिप्सी लेकर वहां पहुंचे और किसानों पर  राइफिल तानते हुए एक फायर कर दिया। किसानों व मजदूरों ने जमीन पर लेट कर अपनी जान बचाई। गोली चलने की आवाज आते ही सीमा पर चौकस जवान जैसे ही सक्रिय हुए, पाक रेंजर जिप्सी में ही वापिस फरार हो गये। किसानों ने वापिस आकर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों व जवानो को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गोली चलने में कोई घायल नहीं हुआ। इस संबंध में सीमा सुरक्षा बल ने भी कोई रिपोर्ट नहीं दी। पाक रेंजरों की इस हरकत से बॉर्डर पर जमीन में काश्त करने वाले किसानों में भय व्याप्त हो गया। सौभाग्य से इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पाक रेंजरों के इस दुहस्सास के चलते सीमा सुरक्षा बल ने बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। ताराबंदी पार किसानों को एहतियात बतरने के लिए कहा गया है।
आज सुबह बॉर्डर पर फायरिंग होने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सीमा सुरक्षा बल के उच्चाधिकारियों ने भी बॉर्डर पर तैनात अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली है। गौरतलब है कि तारबंदी के पार हिन्दुमलकोट एरिया के किसानों की जमीनें हैं। बीएसएफ की निगरानी में किसान अपनी जमीन पर काश्त करने प्रतिदिन जाते हैं। पाक रेंजर भी अपने एरिया में वाहनों में घूमते रहते हैं, लेकिन आज की हरकत से किसान भयभीत हैं। सीमा सुरक्षा बल ने बॉर्डर पर चौकसी बरतनी शुरू कर दी है।

No comments