सरकार पहल नहीं करती है तो होगी 'क्रांतिÓ: रामदेव
नई दिल्ली। योग गुरु बाबा रामदेव ने अपनी मांगों पर विचार करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को रविवार शाम पांच बजे तक का मौका दिया था, लेकिन कोई जवाब नहीं आने पर उन्होंने अब सोमवार तक का समय दिया है। विदेशी बैंकों में छिपाए गए कालेधन को वापस लाना उनकी मुख्य मांग है। दिल्ली के रामलीला मैदान में अपने हजारों समर्थकों को सम्बोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि वह प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत ईमानदारी पर सवाल नहीं उठा रहे हैं, बल्कि चाहते हैं वह राजनीतिक ईमानदारी भी दिखाएं। योग गुरु ने घोषणा की कि उनका अनशन अभी जारी रहेगा। उन्होंने कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ गत गुरुवार को तीन दिन का सांकेतिक अनशन शुरू किया था जो शनिवार शाम खत्म हुआ था। बाबा रामदेव ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है जिसमें मांगों की सूची भी है। उनकी मांगों में विदेशी बैंकों में छिपाए गए कालेधन को वापस लाना, प्रभावी लोकपाल विधेयक लाना, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) तथा निर्वाचन आयोग के प्रमुखों की नियुक्ति में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाना शामिल हैं।
No comments