जम्मू-कश्मीर के रामबन में अमरनाथ यात्रियों की 4 गाडिय़ां टकराईं, 18 श्रद्धालु घायल
जम्मू-कश्मीर के रंबन में आज सोमवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले में बड़ा हादसा हो गया। चंदरकोट के लंगर प्वाइंट पर दो एसआरटीसी बसें, एक कार और एक प्राइवेट बस आपस में टकरा गईं। हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को रंबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, एक एसआरटीसी बस ने आगे चल रही दूसरी बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दूसरी बस आगे चल रही नेक्सा कार से भिड़ गई। इसके बाद कार सामने चल रही प्राइवेट बस से टकरा गई। घायलों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और पंजाब के श्रद्धालु शामिल हैं। अब तक 10 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि 8 अन्य की पहचान की जा रही है।

No comments