Breaking News

आंधी, बारिश के बाद विद्युत कट ने बढ़ाई परेशानी

-कई क्षेत्रों में रही विद्युत आपूर्ति बाधित
श्रीगंगानगर। शुक्रवार रात आंधी, बारिश के बाद विद्युत विभाग के कट ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी। शनिवार दोपहर तक अलग-अलग कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
इससे पूर्व, शुक्रवार रात आंधी और बारिश के चलते विद्युत विभाग ने आपूर्ति बंद कर दी थी। रात तकरीबन साढ़े नौ बजे से लेकर विद्युत आपूर्ति 11 बजे तक बंद रही। इसके बाद भी कई क्षेत्रों में तारें टूटने से आपूर्ति नहीं हो पाई। पुरानी आबादी के कई वार्डांे में देर रात तक आपूर्ति नहीं हुई। कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति इतनी कम थी कि इलेक्ट्रोनिक उपकरण भी नहीं चल पाए। इस संबंध में शिकायत पर विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि सुबह इस परेशानी को दूर किया जाएगा।
इसके बाद शनिवार सुबह विद्युत विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में कट लगा दिए, जिससे लोगों को परेशानी हुई। तकरीबन 3 से 4 घंटे तक कट लगने से विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे पुरानी आबादी, जवाहर नगर, मीरा मार्ग, गगन पथ, मोटर मार्केट, यूआइटी रोड, नेहरा नगर, इंदिरा वाटिका, पी ब्लॉक, एच ब्लॉक, एल ब्लॉक सहित आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही।

No comments