Breaking News

शहीद सैन्य अफसरों, जवानों के परिजनों के साथ आना होगा सम्मान से पेश

-राज्य सरकार ने जारी किए आदेश
श्रीगंगानगर। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को युद्ध में हताहत हुए अधिकारियों और जवानों के परिजनों के साथ सम्मान से पेश आना होगा। जो अधिकारी और कर्मचारी जवानों के परिजनों का सम्मान या उनके काम का तत्काल निपटारा नहीं करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राज्य के कार्मिक विभाग ने प्रदेश के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव, संभागीय आयुक्त और जिला कलक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जवानों के परिजनों की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। कलेक्टर इन आदेशों का सख्ती से पालन कराएं।
 कार्मिक विभाग ने जिला कलक्टरों को अपने अधीनस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देने के लिए कहा है कि युद्ध में हताहत हुए भारतीय रक्षा सेवाओं के अधिकारियों और जवानों और उनके परिजनों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। उनके कार्यों का त्वरित गति से निपटारा करें।
कार्मिक विभाग की सचिव रोली सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य सरकार के ध्यान में आया गया है कि युद्ध में हताहत हुए भारतीय रक्षा सेवाओं के अधिकारियों और जवानों और उनके परिजनों द्वारा राज्य कार्यालय में संपर्क किए जाने पर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार नहीं करते हैं। उनके कार्यों को त्वरित गति से निपटारा भी नहीं किया जाता है। इसके कारण अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है। इससे उनमें दुख और असंतोष की भावना उत्पन्न हो रही है। यह स्थिति राज्य सरकार की मंशा के विपरीत है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी राज्य सरकार आमजन की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ब्यूरोक्रेसी पर लगाम लगाने के लिए समय-समय पर आदेश जारी करती रही है।



No comments