Breaking News

नगर परिषद को राजनीति नहीं, सेवा का केन्द्र बनाएंगे: करुणा

- नव निर्वाचित सभापति, उप सभापति ने ली शपथ, सफाई-श्रमदान का संकल्प
श्रीगंगानगर। नगर परिषद की नव निर्वाचित सभापति श्रीमती करुणा चांडक और उप सभापति लोकेश मनचंदा ने सोमवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में पद दायित्व की शपथ ग्रहण की। जिला परिषद सीईओ सौरभ स्वामी ने उन्हें शपथ दिलवाई। सभापति और उप सभापति ने इस दौरान सफाई और श्रमदान का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता, पार्षद एवं अन्य तो मौजूद थे, लेकिन एक को छोड़कर कोई अन्य भाजपा नेता नजर नहीं आया।
कार्यक्रम में शहर की सभी समस्याओं को हल करने का संकल्प लेते हुए सभापति श्रीमती करुणा चांडक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सफाई के मुद्दे पर आमजन की सोच बदलना रहेगा। पहले 6 महीने सफाई व्यवस्था के सुधार मेंं ही लगाए जाएंगे।
कांग्रेस नेता अशोक चांडक ने भी दोहराया कि नव निर्वाचित पार्षदों, शहरवासियों के सहयोग से सफाई की समस्या को दूर किया जाएगा। इसके लिए संस्थाओं और सहयोगियों से कचरा ढोने के लिए टैम्पो, ई-रिक्शा मांगे गए हैं। डॉक्टर्स यूनियन, मंडी व्यापारियों, कारोबारियों, बिल्डर्स सहित अधिकांश ने हामी भरी है। ब्लॉक एरिया से लेकर कच्ची बस्तियों तक में कचरा उठाने के लिए वाहन लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस काम में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों से वे सहयोग की अपील करेंगे ताकि शहर को साफ और स्वच्छ बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद को सेवा केन्द्र बनाया जाएगा, राजनीति का नहीं ताकि लोग यहां काम करवाने के लिए आएं और संतुष्ट होकर जा सकें।
माकपा के पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल ने कहा कि पुरानी आबादी (हालांकि उन्होंने पुराना नगर शब्द इस्तेमाल किया) और इंदिरा कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में लोग बहुत गंदगी में रहते हैं। पहले वालों ने नगर परिषद में ठेकेदारों के साथ बैठकर जो व्यवहार किया, लोगों में उसका मलाल है। अब वैसा नहीं होना चाहिए। नए लोग चुनकर आए हैं।
सभापति और उपसभापति ने भी अपनी शपथ में सफाई करने और रखने का जिक्र किया है, इसलिए कार्यक्रम में पहुंचे अन्य लोग भी इसका अनुसरण करें। सभी लोग अपने आसपास सफाई करने और रखने का संकल्प लेंगे, तभी शहर को साफ-स्वच्छ रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के नए बोर्ड से शहर के लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। इसलिए जो करें, लोगों की उम्मीदों को ध्यान में रखकर करें।
इनके अलावा कार्यक्रम को गंगानगर विधायक राजकुमार गौड़, पूर्व सभापति जगदीश जांदू और अजय चांडक सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। मंच पर कांगे्रस के पूर्व जिलाध्यक्ष पृथीपालसिंह संधू, शिवदयाल गुप्ता, ज्योति कांडा, मनिन्दर कौर नंदा, सुरेंद्र चौधरी, तरसेम गुप्ता, अंकुर मगलानी, कृष्ण मील, कृष्ण स्याग, प्रेम नायक, महेंद्र बागड़ी सहित अन्य मौजूद रहे। मंच संचालन प्रेम चुघ ने किया।
सभापति कक्ष मेें घुसा सांप, सोफा फाड़ा
श्रीगंगानगर। नगर परिषद सभापति श्रीमती करुणा चांडक के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से पहले उनके कार्यालय कक्ष में एक सांप घुस गया। सांप घुसने की सूचना मिलने पर वहां हड़बड़ाहट फैल गई और कक्ष में मौजूद सभी लोग बाहर निकल गए। बाद में कर्मचारियों की मदद से सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। दोपहर तक कर्मचारी सांप को ढूंढने में लगे रहे। समाचार लिखे जाने तक सांप के मिलने की जानकारी नहीं थी। सांप को ढूंढने के चक्कर में कर्मचारियों ने सभापति कक्ष में रखे सोफे का कवर भी फाड़ दिया। इसके बावजूद सांप का पता नहीं चल सका।

No comments