Breaking News

कन्या भ्रूण को नोच रहा था कुत्ता

हनुमानगढ़। पल्लू पुलिस थाना क्षेत्र के गांव मौजा दनियासर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पेड़ के नीचे थैले में कन्या भ्रूण को कुत्ता नोच रहा था। इस घटना ने एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर दिया है। बेटे की चाहत में लोग कोख में बेटी का कत्ल कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गांव दनियासर निवासी सावंताराम जाट पुत्र मल्लूराम जाट की रिपोर्ट अज्ञात लोगों के खिलाफ पैदाइश छुपाने व भ्रूण की हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। सावंताराम ने पुलिस को बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे वह अपने घर से बाड़े में गाय को बांधने जा रहा था। उसके भाई सहीराम के मकान के निकट कीकर के पेड़ के नीचे एक सफेद थैले में नवजात बच्चे के पांव देखे। वह पास में गया था तो कुत्ता भ्रूण को नोच रहा था। उसने कुत्ते को भगा दिया। यह भ्रूण कन्या का था। भ्रूण कुछ घंटे पहले का था। आशंका है कि कन्या भ्रूण को गर्भ में ही कत्ल करके थैले में डाल कर यहां कोई फैंक गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद भ्रूण का अंतिम संस्कार कर दिया गया। भ्रूण को यहां फैंकने वालों की तलाश की जा रही है।


No comments