Breaking News

सड़क पर साइड को लेकर विवाद, पीट-पीट कर अधेड़ की हत्या

बीकानेर। सड़क पर साइड को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। शव को पीबीएम अस्पताल के मुर्दा घर में रखा गया है। मृतक के परिजन मुम्बई से बीकानेर के लिए रवाना हो गये हैं। उनके यहां पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जायेगा। घटना गजनेर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव कोटड़ा के खेत में हुई।
थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि मृतक 48 वर्षीय राजेश डागा पुत्र रामकुमार डागा निवासी डागा चौक बीकानेर था। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि बीती रात राजेश डागा अपने कुछ साथियों के साथ बाइक अपने खेत की तरफ जा रहा था। यहां रास्ते में एक के साथ बाइक भिडऩे पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। राजेश डागा अपने साथियों के साथ कोटड़ा की ढाणी में अपने खेत में आ गया। उसके पीछे कार सवार लोग भी आ गये। यहां कार सवार लोगों ने राजेश डागा को बुरी तरह से पीट दिया। राजेश के साथी उसे लेकर पीबीएम अस्पताल में पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि राजेश डागा यहां अकेला ही अपने खेत में रहता था। उसके परिजन मुम्बई में रहते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। वह मुम्बई से बीकानेर के लिए रवाना हो गये हैं। राजेश डागा के मारपीट करने वाले कार सवार लोगों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल राजेश डागा का शव मुर्दा घर में रखा हुआ है।


No comments