Breaking News

गोल गप्पे की रेहड़ी पर विवाद, चाकूबाजी में तीन युवक घायल

बीकानेर (एसबीटी)। नया शहर पुलिस थाना क्षेत्र की मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में बीती रात गोल गप्पे की रेहड़ी पर विवाद होने पर कार सवार युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार करके तीन युवकों को घायल कर दिया। तीनों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एसआई अनूप सिंह ने बताया कि हमले में रामपुरा बस्ती निवासी अशेाक बिस्सू पुत्र भंवरलाल, इसका पड़ौसी चुन्नीलाल व पे्रमचंद घायल हो गये। घटना रात करीब साढ़े दस से 11 बजे की है। तीनों युवक पड़ौसी हैं। तीनों बीती रात मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में गोल गप्पे की रेहड़ी पर गोल गप्पे खा रहे थे। इसी दौरान युवकों की रेहड़ी वाले से बोलचाल हो गई। झगड़ा बढ़ गया। इसी बीच कार में सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी में तीनों युवकों को घायल करने के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गये। बीती रात अशोक बिस्सू के पर्चा बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
आरोपियों की तलाशे में छापेमारी की जा रही है। इन युवकों को रेहड़ी वाले ने ही फोन करके बुलाया होगा, ऐसी आशंका जताई जा रही है।

No comments