Breaking News

विघ्न हर्ता की आराधना के साथ मनाई गणेश चतुर्थी

- कहीं सुबह लगा गजमोदक का भोग तो कहीं शाम को सजेगी झांकी
श्रीगंगानगर। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को विघ्न हर्ता श्रीगणेश की विशेष पूजा अर्चना हुई। मन्दिरों में दिन भर सिद्धि विनायक का गुणगान किया गया। घरों पर श्रद्धालुओं ने गणपति की स्थापना कर श्रीगणेश मंत्र का जाप किया।
पुरानी आबादी स्थित श्री शिव गणेश मंदिर में सुबह  10.15 बजे सिद्धि विनायक पूजन हुआ। प्रात: 11.15 बजे कथा व आरती की गई। मन्दिर में चल रहे श्री गणेश मंत्र जाप की पूर्णाहूति होगी।
पुजारी देवेन्द्र भार्गव ने बताया कि रात आठ बजे महाआरती होगी। रात 8.30 बजे भजन कीर्तन, पुष्पवर्षा व सुगंधी वर्षा होगी। गजमोदक का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। अंत में रात नौ बजे रंगीन आतिशबाजी होगी।
लीला चौक स्थित लीला भवन में आज गणेश उत्सव बड़े ही उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। सांध्य बॉर्डर टाइम्स की मीडिया पार्टनरशिप में हो रहे कार्यक्रम में मुख्य यजमान जयनारायण मंडा, अनिल जाखड़, श्याम भादू, महेंद्र लीला, निरंजन लीला, राजकुमार गुप्ता, हरि मोहन सैनी, दीपक खत्री, गोविंदराम खत्री व उनके परिवार ने पूजा अर्चना करवाई।
भगवान गणेश को फलों व लड्डू की सवामणी लगाई गई। दोपहर 11.30 पंडित मुकेश शास्त्री ने गणेश चौथ की कथा सुनाई। सायंकालीन महाआरती में बागोत पैदल कावड़ यात्रा संघ, सांझा दरबार के जनकराज चावला और उनके शिष्य भाग लेंगे। इसके बाद नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी।
हनुमानगढ़ मार्ग स्थित मनोकामना सिद्धि गणेश  मन्दिर (सफेद चूहों वाले) में चल रहे गणेश जन्मोत्सव के तहत आज शाम पांच बजे गजमोदक व हजारों लड्डओं के भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम को छह बजे से भंडारा लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर में रात 9.30 बजे आरती होगी।
सेतिया कॉलोनी स्थित श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर  में श्री गणेश चतुर्थी पर दूसरे दिन के कार्यक्रम में 29वां पांच दिवसीय श्री गणेश जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रवक्ता मोहन सोनी ने बताया कि भजन कीर्तन का कार्यक्रम हुआ। श्री गणेश महाराज का दुग्धाभिषेक करने में भक्तों में भारी उत्साह दिखा।
चुन्नू मुन्नू एण्ड पार्टी ने श्री गणपति महाराज सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भजनों की अमृतवर्षा की। श्री श्याम आर्ट ग्रुप ने भगवान शंकर-पार्वती एवं राधा-कृष्ण की झाँकी प्रस्तुत कर कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।  मंगलवार सायं 5.30 बजे से 7.30 बजे तक श्री बालाजी संगीतमयी सुन्दरकाण्ड मण्डल की ओर से श्री सुन्दरकाण्ड का पाठ किया जाएगा।
कार्यक्रम में पावभाजी के प्रसाद का भोग लगाकर भक्तों में बांटा जाएगा। बुधवार सायं 5.15 से 7.30 बजे तक श्री गणपति महाराज की भजन संध्या होगी। ड्राईफ्रूट, पनीर, मलाई, मसाला कुलचे का भोग लगाया जाएगा। गुरुवार को प्रात: 10.15 बजे यज्ञ से पांच दिवसीय कार्यक्रम का समापन होगा। इसके बाद खीर-समोसे का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

No comments