Breaking News

वार्ड 45 व 46 में चार दिन से नहीं आ रहा पानी

- प्रदर्शन कर लोगों ने बताई समस्या
श्रीगंगानगर। शहर की अंतिम छोर पर बसी बस्तियों में लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। जानकारी होने के बावजूद जलदाय विभाग के अधिकारी इस समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। पिछले चार दिन से पानी नहीं आने से परेशान वार्डवासियों ने शुक्रवार को जलदाय विभाग में प्रदर्शन भी किया, लेकिन वहां सुनवाई करने वाला कोई अधिकारी नहीं मिला।
पार्षद किशन चौहान ने बताया कि वार्ड नंबर 45 के रेगर मोहल्ला, नायक मोहल्ला, वार्ड नंबर 46 की गुरूनानक बस्ती, कबीर वाटिका के पास वाले एरिया में पिछले चार दिन से पेयजल की सप्लाई नहीं दी गई। इस बारे में अधिकारियों को बताया तो उन्होंने रात के समय पानी देने का भरोसा दिलाय लेकिन वार्डवासी तीन दिन से रात भर जाग कर पानी का इन्तजार करते रहे। एक बार भी सप्लाई नहीं आई। कल रात 15-20 मिनट के लिए पानी छोड़ा गया। इस कारण सभी लोग पीने का भी पूरा पानी नहीं ले पाए। पार्षद ने बताया कि इन वार्डों में गरीब दिहाड़ी मजदूर परिवार रहते हैं। इन परिवारों की महिलाएं भी सुबह काम पर चली जाती हैं। ऐसे में ये रात भर पानी के लिए जाग नहीं सकतीं।
कई बार अधिकारियों से सप्लाई का समय बदलने का आग्रह किया गया लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। आज प्रदर्शन के दौरान दिन में पानी देने का दावा किया गया, परन्तु दोपहर तक सप्लाई नहीं आई थी।


No comments