Breaking News

लापता प्रोपर्टी डीलर की लाश नहर से बरामद

- होटल पर कार व मोबाइल छोड़ कर निकल गया था
श्रीगंगानगर। शहर से दो दिन से लापता एक प्रोपर्टी डीलर की मुकलावा पुलिस थाना क्षेत्र में नहर से लाश बरामद हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक 34 वर्षीय गौरव सुखीजा पुत्र संजीव सुखीजा निवासी 15 जी ब्लॉक था। वह जुगनू प्रोपर्टी डीलर के नाम से प्रोपर्टी का काम करता था। गौरव सुखीजा रविवार की रात को घर से कार लेकर निकल गया। इसके बाद लौट कर वापिस नहीं आया। उसके चाचा राजीव सुखीजा ने बताया कि वह दो दिन से गौरव की तलाश कर रहे थे। वह अक्सर बिना बताये दोस्तों के साथ घूमने निकल जाता था। घरवालों ने सोचा एक दिन बाद आ जायेगा। वह वापिस नहीं आया, तो तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि वह हनुमानगढ़ रोड़ पर स्थित होटल यूडी ग्रांड में गया था। यहां वह कार खड़ी करके निकल गया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में होटल से निकलते दिखाई दे रहा है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। गौरव मोबाइल भी होटल पर छोड़ कर चला गया था। आशंका होने पर उन्होंने गंगनहर में उसकी तलाश शुरू की। सदर पुलिस थाना में गौरव की गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसी दौरान बीती रात पता चला कि मुकलावा पुलिस थाना क्षेत्र में 14 पीएस पुलिया में एक युवक की लाश फसी हुई है। वह मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान गौरव सुखीजा के रूप में हुई।
राजीव सुखीजा ने बताया कि मुकलावा पुलिस आज सुबह मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया। उन्होंने बताया कि गौरव सुखीजा ने कुछ दिन पहले ही 15 जी ब्लॉक स्थित जुगनू प्रोपर्टी डीलर वाले ऑफिस में ही मैरिज ब्यूरो का काम शुरू किया था। गौरव सुखीजा ने आत्महत्या क्यों की, इससे घरवाले भी अनजान है। घर में सबकुछ सामान्य चल रहा था। राजीव सुखीजा ने बताया कि आज दोपहर वह शव लेकर श्रीगंगानगर आ गये हैं। अंतिम संस्कार पदमपुर रोड़ कल्याण भूमि में किया जायेगा।


No comments