अब चार्ट तैयार होने के बाद भी बुक कर पाएंगे ट्रेन टिकट
नई दिल्ली। ट्रेन का चार्ट बनने के बाद कैंसिल हुई टिकटों की जानकारी अब लोग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर देख सकेंगे। इतना ही नहीं, जरूरत पडऩे पर टिकट भी बुक करा सकेंगे। इस तरह से उन्हें सफर के लिए सीट मिल जाएगी। इससे रेलवे को भी फायदा होगा। इसके अलावा रेलवे ने यह भी व्यवस्था की है कि यात्री चाहें, तो कोच के आधार पर भी यह देख सकेंगे कि किस कोच में कितनी सीटें खाली हैं। यह सिस्टम लगभग हवाई यात्रा की तरह ही है। वहां यात्री को पता चल जाता है कि कौन-कौन सी सीट खाली है। रेलवे की वेबसाइट पर यह फीचर बुधवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लॉन्च किया। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही ऐसी भी व्यवस्था होगी कि किसी यात्री ने टिकट कैंसल नहीं करवाया और उन्होंने ट्रेन नहीं पकड़ी, तो उनकी खाली सीट की जानकारी लोगों को मिल जाए।

No comments