नहीं रहे अटल बिहारी
- नौ हफ्तों से थे एम्स में भर्ती
- 24 घंटों से नहीं हुआ था हालत में सुधार
पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के शिखर पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी अंतत: जीवन और मृत्यु की जंग हार गए। गुरुवार दोपहर को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे पिछले नौ हफ्तोंं से एम्स में भर्ती थे और पिछले 24 घंटे से उनके स्वास्थ्य कोई सुधार नहीं हुआ था। वाजपेयी की नाजुक स्थिति से चिंतित भाजपा ने सुबह ही आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। हालांकि अटल के निधन का समाचार एक न्यूज चैनल ने लगभग अढ़ाई बजे जारी कर दिया था लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।बाद में एम्स से इसकी आधिकारिक सूचना जारी की गई।
इससे पूर्व एम्स में भर्ती वाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथसिंह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित बड़ी संख्या में केन्द्रीय मंत्रियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और उनके प्रशंसकों के आने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। मोदी लगभग 45 मिनट एम्स में रहे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण) देवेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को एम्स के आसपास तैनात किया गया है। एम्स के बाहर और उसके अंदर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वाजपेयी की स्थिति अत्यंत गंभीर थी और उन्हें जीवन रक्षक प्रणालियों पर रखा गया था। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे भी राजस्थान गौरव यात्रा स्थगित कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए एम्स पहुंची थीं।
No comments