Breaking News

स्कूली बच्चे देखेंगे ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर

श्रीगंगानगर। सरकारी स्कूलों के कक्षा सात व आठ के मेधावी विद्यार्थियों को अब राज्य के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक धरोहरों को देखने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग ने इन विद्यार्थियों को पांच दिवसीय अंतर जिला शैक्षिक भ्रमण पर ले जाना तय किया है। राज्य सरकार ने इस बारे में शिक्षा विभाग को आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार भ्रमण के लिए राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 7 व 8 के उन विद्यार्थियों को भ्रमण पर ले जाया जाएगा, जिन्होंने कक्षा छह व सात में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद, स्काउट एवं गाइड प्रतियोगिता में भाग लेकर सहभागी व विजेता रहे विद्यार्थी भी इस भ्रमण के पात्र होंगे। जिले से दोनों कक्षाओं के 12-12 विद्यार्थियों सहित कुल 24 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जो मेरिट के आधार पर होगा। बारह विद्यार्थी सामान्य और बारह स्काउट से जुड़े होंगे। विद्यार्थियों को अपने विद्यालय के संस्था प्रधान के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय (प्रारंभिक) कार्यालय में आवेदन किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख 12 सितंबर है। राज्य सरकार प्रत्येक विद्यार्थी पर 3286 रुपए खर्च करेगी।
आवेदन पत्रों में से वरीयता के आधार पर 28 सितंबर तक चयन किया जाएगा। अंतर जिला शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का अनुमोदन आठ अक्टूबर तक होगा। 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पांच दिवसीय अंतर जिला शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण पर विद्यार्थियों के साथ दो अध्यापक भी जाएंगे। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान भ्रमण आलेख, क्विज, सांस्कृतिक आदि प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 350 रुपए, द्वितीय को 250 रुपए, तृतीय स्थान पर 200 रुपए दिए जाएंगे।
इनका कहना है
पात्र विद्यार्थी भ्रमण योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों के आवेदन पत्र उनके संस्था प्रधान के माध्यम से बारह सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे।
-हरचंद राम गोस्वामी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्रीगंगानगर।

No comments