Breaking News

जन सैलाब के बीच अटल जी अंतिम सफर पर

- समाधि के लिए मिली 1.5 एकड़ जमीन, आज शाम चार बजे होगा अंतिम संस्कार
नई दिल्ली। राजधानी के राष्ट्रीय स्मृति स्थल (विजय घाट, राज घाट) के पास आज शाम चार बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने और उनके अंतिम दर्शन के लिए भाजपा मुख्यालय के बाहर लोगों की भारी भीड़ इक_ा हो गयी है. पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की अंत्येष्टि में दुनिया भर के राजनेता और अधिकारी शामिल होंगे. भूटान के राजा जिग्मे नामग्याल वांग्चुक अंतिम संस्कार में भाग लेने दिल्ली पहुंच गए हैं. पाकिस्तान की तरफ से कानून मंत्री अली जाफर भी अंत्येष्टि में शामिल होंगे। नेपाल के विदेश मंत्री पीके ग्यावल, श्रीलंका के कार्यकारी विदेश मंत्री लक्ष्मण, बांग्लादेश के विदेश मंत्री अब्दुल हसन मोहम्मद अली पूर्व पीएम वाजपेयी के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे.
उनकी अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे भाजपा मुख्यालय से शुरू हुई। अंतिम यात्रा पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग और शांति वन चौक से गुजरते हुए राष्ट्रीय स्मृति स्थल पहुंचेगी।
अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में शिरकत करने के लिए भारी तादाद में लोग एकत्रित हो गए हैं। यह तादाद लाखों में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इस दौरान यातायात के साथ अंतिम यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान न हो इसके लिए दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर रूट डायवर्जन किया है। इस बाबत दिल्ली पुलिस की अपनी तरफ से एडवाइजरी भी जारी की है।
अटल जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने आए उनके मित्र बांग्लादेश के विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद अली ने कहा कि हम वाजपेयी को बांग्लादेश की स्वतंत्रता में उनके योगदान और बांग्लादेश के लोगों के मजबूत समर्थन के लिए याद करते हैं. उन्हें बंगाली संगीत बहुत पसंद था. जब वह विदेश मंत्री बने तो मुझे दिल्ली में राजनयिक के रूप में सेवा करने का मौका मिला.
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पूर्व पीएम व अपने मित्र अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किये.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की. भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की. भारतीय फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा कि मैंने 2006 में एक बार अटल बिहारी वाजपेयी से मुलाकात की थी. वह एक बहुत अच्छे वक्ता थे. भारतीय राजनीति में उनकी अनुपस्थिति को किसी और के द्वारा भरा नहीं जा सकता है, वह हर किसी के लिए एक रोल मॉडल रहे हैं और अपनी कविता, भाषण और व्याख्यान के माध्यम से कई लोगों को प्रेरित भी किया है.

No comments