Breaking News

डकैती की योजना बनाते पांच युवक गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस ने बीती रात डकैती की योजना बनाते पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान लूटपाट व चोरी की वारदातों के बारे में खुलासा होने की उम्मीद है।
थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि बीती रात एसआई विक्रम तिवाड़ी, हवलदार केशव, कांस्टेबल भगवान सहाय मीणा व संदीप गश्त पर थे। इसी दौरान इंदिरा वाटिका के निकट रात अढ़ाई बजे संदिग्ध रूप से घूम रहे पांच युवकों को दबोच कर पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये। इनके कब्जा से एक सबल, हथौड़ा व एक चाकू बरामद हुआ है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पांचों युवक इंदिरा वाटिका के निकट एटीएम लूट की योजना बना रहे थे। इससे पूर्व ही पुलिस ने इन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गये युवकों की पहचान शिव कॉलोनी निवासी साहिल उर्फ विक्की पुत्र विनोद शर्मा, अविनाश माली पुत्र मंगू माली निवासी वार्ड नम्बर 1 देवनगर पुरानी आबादी, संदीप दास पुत्र सुरेश दास निवासी दरबंगा, हाल निवासी श्रीगंगानगर, असलम ननिहार पुत्र मोहम्मद ईदु निवासी गुरूनानक बस्ती व कृष्ण स्वामी उर्फ घोलू स्वामी पुत्र बिल्लू स्वामी निवासी अशोकनगर बी के रूप में हुई है। इनके खिलाफ डकैती की योजना बनाने के आरोप में एसआई विक्रम तिवाड़ी की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।

No comments